➡️डॉ. मदन मोहन झा ने भी शून्यकाल के दौरान सरकार से की स्थानांतरण के स्थगन की मांग
➡️कल साहेबपुरकमाल तो आज बेगूसराय और वीरपुर में हुआ सांसद गिरिराज सिंह के पुतला का दहन

समाचार विचार/बेगूसराय: बेगूसराय में स्थापित क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान व बीज उत्पादन केंद्र कूसमहौत से स्थानांतरण का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। केंद्र सरकार और स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह के खिलाफ आक्रोश सड़क से सदन तक फुट रहा है। कहीं पुतला फूंका जा रहा है तो कहीं सदन में सरकार से सवाल पूछा जा रहा है। सांसद गिरिराज सिंह और भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा लाख सफाई दिए जाने बावजूद जिलेवासी स्थगन पत्र को सार्वजनिक किए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। जनाक्रोश का आलम यह है कि कल साहेबपुरकमाल में भाकपा अंचल परिषद ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का पुतला दहन किया तो आज बेगूसराय नगर में कांग्रेसजनों ने बेगूसराय सांसद का पुतला दहन कर आक्रोश का इजहार किया। वहीं आज ही वीरपुर में भी भाकपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर मक्का अनुसंधान केंद्र के स्थानांतरण को वापस लेने की मांग दोहराई।

कांग्रेस विचार मंच ने कैंटीन चौक पर फूंका गिरिराज सिंह का पुतला
कांग्रेस विचार मंच के चेयरमैन राम पदारथ यादव के नेतृत्व में सैकड़ो कांग्रेसेजनों ने शहर के कैंटीन चौराहे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह का पुतला फूंका। सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। दुसरी तरफ स्थानीय शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्षद डॉ. मदनमोहन झा ने स्थानीय समाचारपत्रों से प्राप्त जानकारी और पूर्व विधायक अमिता भूषण से साझा विमर्श के पश्चात् पुरे मामले को शून्यकाल के माध्यम से सदन में उठाते हुए सरकार से मक्का अनुसंधान केंद्र के स्थानांतरण के अविलम्ब स्थगन हेतु सरकार से मांग और आग्रह किया। ज्ञात हो क़ि श्रीमती भूषण इस मामले को लेकर काफी मुखर हैं और अपने स्तर से इस स्थानांतरण को स्थगित कराये जाने हेतु गंभीरता से प्रयासरत हैं। पुतला दहन के पश्चात् कांग्रेसजनों ने कहा क़ि वर्तमान सरकार निर्माण में विश्वास नही रखती है। अपने कार्यकाल में एक भी उद्योग धंधों को स्थापित तो नहीं कर पाई बल्कि पूर्व से स्थापित केंद्रों को भी यहाँ से हटा रही है और हमारे सांसद मुंह तक नहीं खोल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है क़ि अगर इस स्थानांतरण को नहीं रोका गया तो यह आंदोलन और उग्र होगा। मौके पर पुर्व जिलाध्यक्ष शांति स्वामी, पुर्व उपाध्यक्ष रामस्वरूप पासवान, लीगल सेल जिलाध्यक्ष संजय सम्राट, मदन सिंह, राजदेव पासवान, पुर्व महासचिव सावर कुमार, आलोक कुमार जग्गा, मोहित सिंह, कुशमेश कुमार, सुबोध झा, अनिल भारती, राजेंद्र पासवान शैलेन्द्र शर्मा, आर्यन कुमार, राजेश सिंह, कुंदन पासवान, गुड्डू सिंह, कन्हैया कुमार, मनीष कुमार, विनोद कुमार, कुमार रत्नेश टुल्लू आदि दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।













