➡️बेगूसराय को पहली दफा मिला है फुटबॉल महाकुंभ की मेजबानी का अवसर
➡️पीएम मोदी 4 मई को पटना में करेंगे खेलो इंडिया यूथ गेम्स का उदघाटन

समाचार विचार/बेगूसराय: शारीरिक शिक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की टीम मशाल लेकर बेगूसराय पहुंची। सूबे के लोगों को इस आयोजन को लेकर जागरूक करने के लिए यह मशाल गौरव यात्रा निकाली गई है, जो अब यहां से समस्तीपुर जायेगी। बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने पटना से आई टीम का जिला प्रशासन बेगूसराय की ओर से अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रही है। बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन हो रहा है, जिसमें फुटबॉल की मेजबानी बेगूसराय को मिला है। देशभर से चयनित महिला और पुरुष फुटबॉल की टीम बेगूसराय में फुटबाल महाकुंभ में हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर बेगूसराय की कला संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे देशवासी बेगूसराय के गौरवशाली अतीत और वर्तमान से रूबरू होंगे।
आयोजन के दौरान जिले की कला और संस्कृति का भी होगा प्रदर्शन
मशाल गौरव यात्रा के दौरान मौजूद खेलप्रेमियों और गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए भूमि सुधार उपसमाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ऐश्वर्य कश्यप ने कहा कि बेगूसराय में इस तरह के राष्ट्रीय खेल का आयोजन पहली बार हो रहा है जो कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। देश भर के खिलाड़ी इस आयोजन में जुटेंगे। सभी जिलेवासी दिल खोलकर इस आयोजन में भाग लें। विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से इस आयोजन के प्रचार प्रसार में मदद करें। डीएम सर पूरी बारीकी से इसकी तैयारी पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और बिहार सरकार को बेगूसराय को मेजबानी देने के लिए धन्यवाद भी दिया। कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी ने कहा कि इस आयोजन में बेगूसराय की कला संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने कहा कि यह हम सबों के लिए एक बड़ा अवसर है। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरा खेल विभाग और सभी वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक समर्पित हैं।
















