-
निर्धारित समय से काफी विलंब पहुंचे योगी ने विपक्ष पर बोला जोरदार हमला
-
जनसमूह से की नए भारत का नया बिहार बनाने के लिए गिरिराज सिंह को अपार बहुमत से जिताने की अपील
समाचार विचार/बेगूसराय/तेघड़ा: तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के अंतिम चुनावी सभा में बेगूसराय पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह के समर्थन में प्रचार के लिए तेघड़ा विधानसभा के फर्टिलाइजर मैदान में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने चुनावी सभा को संबोधित किया। सीएम आदित्यनाथ ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। भारत विकसित देश बनने की ओर बढ़ रहा है। विकसित भारत का मतलब है कि विकसित बिहार। वहीं सीएम योगी ने बिहार के लोगों को रामलला के लिए उपहार भेजने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में 4 करोड़ लोगों को आवास मिला। कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा गया। हर घर जल से नल पहुंच रहा है। दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बने, इसके लिए आप सबसे निवेदन है कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का काम करिए।

जनसमूह से की नए भारत का नया बिहार बनाने के लिए गिरिराज सिंह को अपार बहुमत से जिताने की अपील
उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह नरेंद्र मोदी की सरकार में महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री रहे हैं। इन्होंने महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम किया है। सीएम योगी ने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि आरजेडी से कोई उम्मीद मत कीजिये। बिहार में लालू यादव ने सिर्फ परिवार के लिए ही सोचा है। योजनाओं का लाभ भी परिवार के लोगों को मिलता है। लालू जी का एक परिवार यूपी में भी है, हालांकि उन्हें जनता ने नकार दिया है। अब यहां भी कुछ ऐसा ही होगा। सीएम योगी ने कहा कि यूपी और बिहार का रिश्ता का खास है। हमारे यहां लोग संबोधन के दौरान जय सीता-राम करते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के धोखे में मत आइएगा। उन्होंने कहा कि नया भारत का नया बिहार बनाने के लिए आप सभी लोग बेगूसराय से गिरिराज सिंह को वोट देकर जीता दीजिए।

योगी ने कांग्रेस पर लगाया ओबीसी और एससी एसटी के आरक्षण में सेंध लगाने का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी, एससी और एसटी के आरक्षण में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। इसलिए अपने बुद्धि विवेक का इस्तेमाल कर ही मतदान कीजिएगा। उन्होंने कहा कि ये लोग भारत विभाजन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। राजेंद्र सच्चर कमिटी उसी साजिश का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यक तुष्टिकरण के लिए रुचिकर खाद्य पदार्थ को ढाल बनाने का पाप कर रही है। उन्होंने जनसमूह से अपील किया कि इस पाप के लिए उसे कभी माफ नहीं करना।
















