उपलब्धि: खेलो इंडिया राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बेगूसराय की ऊर्जा ने जीता कांस्य पदक
-
ओडिसा के कटक स्थित इंडोर स्टेडियम में हुआ था प्रतियोगिता का आयोजन
-
ऊर्जा के बेगूसराय आगमन पर लोगों ने किया भव्य स्वागत

समाचार विचार/बेगूसराय: ओडिसा के कटक स्थित जेएन इण्डोर स्टेडियम में दिनांक 09 से 11 मार्च 2024 तक आयोजित खेलो इंडिया राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रौशन किया है। बेगूसराय जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सह प्रशिक्षक नन्दु कुमार ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में आर.के.सी शोकहारा-2, बरौनी निवासी मंजु देवी-पंकज कुमार राय की पुत्री ऊर्जा रॉय ने टीम कोच सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 73 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में बिहार ताइक्वांडो संघ का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार को कांस्य पदक दिलवाया है। मौके पर मौजूद टीम के कोच सौरभ कुमार ने बताया कि ऊर्जा ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सर्विसेज़, सीआरपीएफ, आंध्र प्रदेश की महिला खिलाड़ी को कड़े संघर्ष में पराजित करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाकर जिले को गौरवान्वित किया है।

ऊर्जा के बेगूसराय आगमन पर लोगों ने किया भव्य स्वागत
गौरतलब है कि ऊर्जा प्रशिक्षक मो. फुरकान के मार्गदर्शन में पूर्व में आयोजित मेघालय के शिलोंग मे आयोजित खेलो इंडिया लीग प्रतियेगिता में कांस्य पदक जीतने पर कटक में आयोजित खेलो इंडिया राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई थी। इससे पूर्व भी ऊर्जा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कई पदक जीत चुकी है। ऊर्जा के बरौनी आगमन पर फूल माला से स्वागत किया गया। बेगूसराय जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारी, बरौनी क्लब के कोच, प्रशिक्षक, खिलाडीगण व जिलेवासियों ने ऊर्जा को हार्दिक बधाई दी है। इस अवसर पर ऊर्जा ने कहा कि इस सफलता का श्रेय मैं अपने माता पिता, कोच,साथी खिलाडी, जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारी को देती हूँ तथा जिलेवासियों को अपार स्नेह व समर्थन हेतु आभार प्रकट करती हूं।















