-
रेलवे ने 5.75 करोड़ की लागत से बनने वाली ओवरब्रिज निर्माण की निकाली निविदा
-
ओवरब्रिज निर्माण के बाद बंद कर दी जाएगी लोहियानगर गुमटी
समाचार विचार/बेगूसराय: बेगूसराय का कंकड़बाग कहे जाने वाले शहर के सबसे बड़े मोहल्ले लोहियानगर के निवासियों के साथ साथ विभिन्न संगठनों का संघर्ष आखिरकार सफलीभूत हो ही गया। लोहियानगर गुमटी पर ओवरब्रिज बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।लोहियानगर गुमटी पर बनने वाले ओवरब्रिज पर 5.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए रेलवे के द्वारा निविदा भी निकाली गई है। बेगूसराय रेलवे स्टेशन के लोहियानगर गुमटी LC-47 पर छोटे वाहनों के लिए लाइट ओवरब्रिज बनाने का काम जल्द शुरू होगा। ये ओवरब्रिज गुमटी से पूर्व दिशा में पुराने आरओबी के समीप बनाया जाएगा, ताकि जिले के उत्तरी भाग में रहने वाले लोगों को वर्तमान आरओबी की घुमावदार लंबी दूरी तय करने से निजात मिल सके। इस ओवरब्रिज के बन जाने से बेगूसराय से रोसड़ा जाने वाले लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। वहीं ई-रिक्शा, ठेला, बाइक समेत हल्के वाहन और पैदल यात्रियों को ज्यादा सहूलियत मिलेगी। लोहियानगर रेलवे गुमटी पर बनने वाले इस लाइट ओवरब्रिज की ऊंचाई 6 मीटर और चौड़ाई ढाई से 3 मीटर के करीब होगी। ओवरब्रिज की लंबाई 70 से 80 मीटर तय की गई है। ओवरब्रिज के दोनों ढलान पर पाथ-वे भी बनाया जाएगा। रेलवे की योजना है कि लाइट ओवरब्रिज बनने के बाद लोहियानगर गुमटी को बंद कर दिया जाएगा, साथ ही बेगूसराय रेलवे स्टेशन का विस्तार करके गुमटी तक प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा।
🎯रिश्ते का बलात्कार: बेगूसराय में चाचा ने भतीजी को बनाया हवस का शिकार
वर्षों से संघर्षरत थे स्थानीय निवासी और सामाजिक संगठन
लोहियानगर के निवासी पूर्व वार्ड सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और वर्तमान में बेगूसराय नगर कांग्रेस के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस ने बताया कि यह लोहिया नगर वासी एवं स्थानीय लोगों के अथक प्रयास एवं संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से यह संभव हो सका है। आज बेगूसराय शहर में लोहिया नगर रेलवे गुमटी के पास लाइट ओवर ब्रिज का कार्य होने की आस आम लोगों में जगी है। हालांकि, उन्होंने यह आशंका भी जताई है कि इसका हश्र भी लोहिया नगर रेलवे फ्लाईओवर की तरह ना हो, जिससे स्थानीय लोगों को कोई लाभ ही ना मिले। उन्होंने बताया कि रेलवे ओवर ब्रिज के गुणवत्ता विहीन और घटिया निर्माण का दंश आम लोगों को ही झेलना पड़ रहा है। अब महत्वपूर्ण बात यह है कि स्थानीय स्तर पर लोगों को इसका समुचित लाभ मिले और गुणवत्तापूर्ण कार्य हो, ना की इसका भी हश्र लोहिया नगर रेलवे फ्लाईओवर की तरह हो जाए।
🎯पिछले साल भी न्यूज 18 ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी लोहिया नगर ओवरब्रिज निर्माण की खबर
Author: समाचार विचार
Post Views: 1,056