
➡️सीआरसी स्तरीय मशाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
➡️मध्य विद्यालय नागदह कबड्डी के दोनों वर्गों में बनी विजेता
➡️सीआरसी के चयनित खिलाड़ी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग

समाचार विचार/बेगूसराय: शहर स्थित अयोध्या उच्च विद्यालय (ज्ञान भारती) बेगूसराय में सीआरसी स्तरीय “मशाल” खेल प्रतियोगिता के अन्तर्गत कबड्डी और वॉलीबॉल (बालक/बालिका अंडर 14 तथा 16) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय सिंह और स्थानीय नगर पार्षद सुमन देवी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर अयोध्या उच्च विद्यालय (ज्ञान भारती) की प्रधानाध्यापिका सुनीता कुमारी, मध्य विद्यालय हर्रख की प्रधानाध्यापिका सह सीआरसी कॉर्डिनेटर मल्लिका कुमारी, मध्य विद्यालय चरुग्राम नागदह के प्रधानाध्यापक हरेराम कुमार, मध्य विद्यालय नागदह के प्रधानाध्यापक संजय कुमार, मध्य विद्यालय दुर्गा स्थान की प्रधानाध्यापिका संयुक्ता कुमारी, मध्य विद्यालय बाघा के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार मौजूद थे।
खेल में मौजूद है आगे बढ़ने की असीम संभावना
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मेयर पिंकी देवी ने कहा कि खेल से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है आज राज्य और केंद्र सरकार खेल खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए निरंतर अच्छा कार्य कर रही है। खेल में भी आगे बढ़ने की असीम संभावना मौजूद है। खेल में खासकर लड़कियां मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। पूर्व मेयर संजय कुमार ने कहा कि खेलबे कूदबे बनवे खराब की धारणा अब समाप्त हो चुकी है। आज खेल में मेडल लाने वाले खिलाड़ी लाखों के इनामी प्राइज के साथ अच्छी नौकरी भी प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य अभिषेक कुमार, पार्षद प्रतिनिधि नितेश कुमार, शारीरिक शिक्षक सुधीर कुमार, शिक्षक ज्ञानी शंकर नाथ राय, शिक्षिका कल्पना कुमारी, श्वेता कुमारी,कार्यालय सहायक राजकुमार चौधरी मौजूद थे।
सीआरसी के चयनित खिलाड़ी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य अभिषेक कुमार ने कहा कि खेल समाज के जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम है। खेल में कोई जाति धर्म नही होता है, वहां मैदान में सभी प्रतिद्वंदी होते हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनीता कुमारी ने कहा कि सीआरसी स्तर पर 22 अप्रैल से 24 मई के बीच वॉलीबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, साइकिल दौड़, बॉल थ्रो की प्रतियोगिता है, जिसमें चयनित खिलाड़ी प्रखंड स्तर के मशाल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सभी खिलाड़ी आगामी सीआरसी स्तरीय मशाल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे शारीरिक शिक्षक रंधीर कुमार ने कहा कि बेगूसराय जिले सीआरसी स्तरीय मशाल कार्यक्रम का आयोजन 22 से 25 मई 2025 के बीच किया गया है, जिसमें ज्ञान भारती संकुल के नौ विद्यालयों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तत्पश्चात उसमें चयनित खिलाड़ी आगे 23 से 25 मई 2025 के बीच आयोजित होने वाले सीआरसी स्तरीय मशाल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उससे चयनित खिलाड़ी आगामी प्रखंड स्तरीय तत्पश्चात राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। सरकार का लक्ष्य मशाल खेल प्रतियोगिता के माध्यम से एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, साइकलिंग और कबड्डी खेलों में छुपी प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उसे उचित मंच और सुविधा उपलब्ध करवाना है।
प्रबंध समिति सदस्य अभिषेक कुमार ने किया धन्यवाद ज्ञापन
इससे पहले आगत अतिथियों का स्वागत सीआरसी की संचालिका सुनीता कुमारी तथा कॉर्डिनेटर मल्लिका कुमारी ने अंगवत्र तथा पुष्पगुच्छ देकर किया। कबड्डी बालिका अंडर 14 के खेले गए मैच में मध्य विद्यालय नागदह ने मध्य विद्यालय चरुग्राम को 13-03 अंकों के अंतर से हराकर विजेता बनी। अंडर 16 बालिका में अयोध्या उच्च विद्यालय ज्ञान भारती विजेता बनी। कबड्डी बालक अंडर 14 की प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय नागदह ने अयोध्या उच्च विद्यालय (ज्ञान भारती) को 15-12 अंको के अंतर से हराकर विजेता बनी। अंडर 16 में अयोध्या उच्च विद्यालय (ज्ञान भारती) की टीम विजेता बनी। बेस्ट रेडर का खिताब मध्य विद्यालय नागदह के आदर्श कुमार तथा बेस्ट कैचर ज्ञान भारती के मो. वलीउल्लाह बने। गर्ल्स अंडर 14 की बेस्ट रेडर नागदह मध्य विद्यालय की प्रियांशु कुमारी तथा बेस्ट कैचर राजनंदिनी कुमारी बनी। धन्यवाद ज्ञापन प्रबंध समिति सदस्य अभिषेक कुमार ने किया।
Begusarai Locals
🎯सांसद गिरिराज सिंह ने कहा: शीघ्र बंद हो बेगूसराय का पेप्सी प्लांट
🎯वर्दी वाला गुंडा था यह: डीआईजी ने किया सस्पेंड तो आम लोगों का बढ़ा पुलिस पर भरोसा
To Join Our WhatsApp Channel Click Here

Author: समाचार विचार
Post Views: 1,774