➡️विकास, सहभागिता और जनसंवाद की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा सीएम का बेगूसराय दौरा
➡️पिढौली में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी किया निरीक्षण

समाचार विचार/अशोक कुमार ठाकुर/तेघड़ा/बेगूसराय: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शुक्रवार को बेगूसराय जिले का दौरा विकास, सहभागिता और जनसंवाद की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। यह दौरा खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 से लेकर सामाजिक सेवा अभियान के निरीक्षण तक विविध रंगों से भरा रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का तेघड़ा अनुमंडल परिसर हेलीपैड में हेलीकॉप्टर द्वारा आगमन हुआ। हेलीपैड स्थल पर कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता फूल देकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके अलावा संसद गिरिराज सिंह भी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए अनुमंडल परिसर में उपस्थित थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने यमुना भगत खेल स्टेडियम, तेघड़ा पहुंचकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपस्थित खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
खेल भावना और युवा सशक्तिकरण को बताया राज्य सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने फुटबॉल मैच का अवलोकन किया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने खेल भावना और युवा सशक्तिकरण को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया। यमुना भगत खेल स्टेडियम में मौजूद फुटबॉल खिलाड़ियों ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का आना हमें बहुत प्रेरित करता है। उनका उत्साहवर्धन हमारी मेहनत को और भी बढ़ाता है। हम उम्मीद करते हैं कि राज्य सरकार खेलों के लिए और भी सुविधाएं प्रदान करेगी। स्वागत में जुटे गौशाला समिति के सचिव शिव प्रसाद केजरीवाल एवं उपाध्यक्ष सुरेश रोशन अन्य लोगों सहित मुखिया पंकज सिंह राधे राधे ने बताया कि मुख्यमंत्री का दौरा हमारे लिए गर्व का क्षण है। उनकी योजनाओं से जिले के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, और हम आशा करते हैं कि इस दौरे से खेलों में भी बेगूसराय को एक नया मुकाम मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान सांसद गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राजस्व मंत्री संजय सरावगी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मंत्री विजय चौधरी, विधायक राजकुमार सिंह, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, मेयर पिंकी देवी, जदयू के जिलाध्यक्ष रूदल राय, डीएम तुषार सिंगला, एसपी मनीष सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
सीएम ने पिढौली में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यमुना स्टेडियम से सड़क मार्ग द्वारा ग्राम पंचायत–पीढ़ौली के लिए प्रस्थान किया, जहाँ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति टोलों को लक्षित कर बनाए गए स्टॉलों में लाभुकों को जाति प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, स्वास्थ्य जांच, कृषि उपकरण व बीज, आदि का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक कल्याण, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, आदि द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभाव और क्रियान्वयन की समीक्षा की।उसके बाद मुख्यमंत्री महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने गाँव की महिलाओं से मुलाकात किया। उन्होंने आजीविका मिशन के अंतर्गत अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं हेतु विशेष शिविर की सराहना की। महिलाओं ने स्वरोजगार, शिक्षा, सुरक्षा, एवं सरकारी योजनाओं तक पहुँच के विषयों पर मुख्यमंत्री से बातचीत की। मुख्यमंत्री का यह दौरा खेल, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण और समग्र सेवा के सफल समन्वय का प्रतीक रहा। उन्होंने मैदान से लेकर जन संवाद तक लोगों से सीधे जुड़कर जमीनी विकास की नब्ज को महसूस किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।


Author: समाचार विचार
Post Views: 1,971