➡️अलौली विधानसभा के ग्रीन पार्क मेघौना में चरम पर रहा खेल का रोमांच
➡️नगर सभापति अर्चना कुमारी और जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार ने किया उद्घाटन
समाचार विचार/खगड़िया/अलौली: अलौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रीन पार्क मेघौना में आयोजित स्वतंत्रता सेनानी कप 2026 का फाइनल मुकाबला ऐतिहासिक और रोमांचक वातावरण में संपन्न हुआ। हजारों दर्शकों की उपस्थिति, युवाओं का उत्साह और खेल भावना से भरा माहौल इस बात का प्रमाण था कि ग्रामीण अंचल में खेल के प्रति जागरूकता, रोमांच और जुनून निरंतर बढ़ रहा है। फाइनल मैच के उद्घाटन समारोह में नगर परिषद खगड़िया की नगर सभापति अर्चना कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने विधिवत फाइनल मैच का उद्घाटन किया। जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार विशेष अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को विशेष प्रतिष्ठा प्राप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान मौजूद नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने अपने प्रेरक संबोधन से खिलाड़ियों को उर्जान्वित किया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में एमसीसी मेघौना के अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव, सचिव राजेश पासवान सहित कमेटी के सदस्यों ने नगर सभापति अर्चना कुमारी एवं जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार का फूलों की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। आयोजन समिति ने अपने संबोधन में कहा कि “फाइनल मैच के उद्घाटन के अवसर पर माननीय अतिथियों की उपस्थिति से हमारा आयोजन गौरवान्वित हुआ है। उनका सहयोग और मार्गदर्शन हमें आगे भी ऐसे आयोजन करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

स्वतंत्रता सेनानी कप 2026 की विजेता बनी चेरियाबरियारपुर
फाइनल मुकाबला अलौली और चेरियाबरियारपुर की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर अलौली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में शानदार प्रदर्शन कर 236 रन का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। बल्लेबाजों ने आक्रामक पारी खेलते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जवाब में उतरी चेरियाबरियारपुर की टीम ने संयमित और रणनीतिक खेल दिखाते हुए लक्ष्य का पीछा किया। मैच अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा और अंततः चेरियाबरियारपुर ने 237 रन बनाकर 4 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अंतिम क्षणों में पूरे मैदान में रोमांच अपने चरम पर था और जीत के साथ ही दर्शकों ने तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने खिलाड़ियों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
उद्घाटन अवसर पर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि “स्वतंत्रता सेनानी कप जैसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करते हैं। खेल समाज को जोड़ने का माध्यम है और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ऐसे टूर्नामेंट अत्यंत आवश्यक हैं। नगर परिषद भविष्य में भी खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देती रहेगी।” जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “236 रनों के लक्ष्य का पीछा कर अंतिम ओवर में जीत दर्ज करना खिलाड़ियों की मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है। हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना और अनुशासन सबसे बड़ी उपलब्धि है।”














