➡️प्रतियोगिता के पहले दिन लगभग 500 खिलाड़ियों ने लिया भाग
➡️खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी यह प्रतियोगिता
समाचार विचार/बेगूसराय: शिक्षा विभाग, खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गांधी स्टेडियम बेगूसराय में हो गया। यह प्रतियोगिता 27 अगस्त से 30 अगस्त तक गांधी स्टेडियम बेगूसराय में आयोजित की जा रही है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक बेगूसराय श्याम सहनी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी यह प्रतियोगिता
इस अवसर पर जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पूरे बिहार से खेल प्रतिभाओं को खोज कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है। आज केंद्र सरकार और बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास को लेकर कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में लगातार राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। शिक्षकों और अभिभावक को चाहिए ओ बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ खेल खेलने को भी प्रेरित करें। उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार ने कहा कि बेगूसराय खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। खेल हमें जीवन में अनुशासन का पाठ पढ़ाता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ खेल भी जीवन का अभिन्न हिस्सा है।
प्रतियोगिता के पहले दिन लगभग 500 खिलाड़ियों ने लिया भाग
शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक श्याम सहनी ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के 18 प्रखंडों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कुल पांच खेल विधाओं एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, साइकलिंग और वॉलीबॉल की प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। पहले दिन के खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स (अंडर 14 और अंडर 16 बालक और बालिका ) का आयोजन हुआ। खेल विभाग बेगूसराय पूरी तरह से इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मुस्तैद है। मंच संचालक और उद्घोषक की भूमिका शिक्षक गौरव कुमार पाठक और रणधीर कुमार ने निभाई। संगीत शिक्षक रूपेश कुमार और कविता कुमारी और उनकी टीम ने संगीत के माध्यम से खिलाड़ियों में जोश भरा। इस पूरे आयोजन में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया भारद्वाज, मणिकांत चिरंजीवी, राजेश रौशन, शशिकांत, पिंकी,पल्लवी, लक्ष्मी आदि सभी प्रतिनियुक्त शिक्षक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
🎯बोला हमला: दलाली चमकाने के लिए कुछ छात्र संगठन कर रहे हैं क्रेडिट का खेल
🎯बेगूसराय में फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश
